रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुहेला में दी 459 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
178 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 97 कार्यों का लोकार्पण; सुहेला में नवीन महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ रुपए सहित कई घोषणाएं
रायपुर, 19 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित ‘विकास संकल्प तिहार’ में क्षेत्रवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के कुल 275 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की लगभग दो दशक पुरानी मांग पूरी की। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री एवं चेक वितरित किए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों व युवाओं को सम्मानित किया गया।
“विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारी सरकार का संकल्प”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा का अवसर दिया है, उस पर खरा उतरने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटियों को पूरा करते हुए प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गांवों तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी की सुविधा पहुंचाकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले महीने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और इस अवधि में सरकार गठन के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी पहलों से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है।
सुशासन से आसान हो रहा आम नागरिकों का जीवन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का अर्थ है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए 24 घंटे संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जहां दर्ज शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई है।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के जरिए लगभग 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब ग्रामीणों को राशि निकालने और जमा करने जैसी सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं।
अन्नदाताओं की खुशहाली के लिए प्रतिबद्धता
किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि किसानों को देने का निर्णय लिया गया है, साथ ही दो वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान भी किया गया है।
सुहेला में महाविद्यालय भवन सहित प्रमुख घोषणाएं
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री श्री साय ने निम्नलिखित घोषणाएं कीं:
-
सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए
-
नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान
-
सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए
-
बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सुहेला में शासकीय महाविद्यालय शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत के संरक्षण का कार्य भी हो रहा है।
विकास संकल्प तिहार में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और कौशल विकास विभाग के स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया:
-
वन विभाग: तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल को 15,411 रुपए, राजकुमार को 22,976 रुपए और तुकेश ध्रुव को 21,015 रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए।
-
पंचायत विभाग: उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच सोलर दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
-
कृषि विभाग: किसानों को गेहूं व सरसों के बीज वितरित किए गए तथा 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक सौंपे गए।
-
महिला एवं बाल विकास: पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई।
-
विद्युत एवं समाज कल्याण: प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र, तीन दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल व व्हीलचेयर, तथा भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी और टॉर्च दी गई।
-
स्वास्थ्य एवं कौशल विकास: छह हितग्राहियों को चश्मे, तीन को आयुष्मान वय वंदन कार्ड, तीन को आयुष्मान कार्ड और ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ के तहत 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और हितग्राही आत्मनिर्भर बन सकें।
सड़क, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मिलेगी नई गति
प्रमुख भूमिपूजन कार्य:
-
बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग निर्माण
-
सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर व प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण
-
सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए से हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण
-
भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए से दतरेंगा से बिजराडीह तक 6.20 किमी सड़क व पुल-पुलिया निर्माण तथा 5 करोड़ 66 लाख रुपए से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण
प्रमुख लोकार्पित कार्य:
-
भाटापारा विकासखंड में 65 करोड़ 41 लाख रुपए से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण व मजबूतीकरण
-
9 करोड़ 69 लाख रुपए से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण व मजबूतीकरण
-
पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) भवन निर्माण
-
बलौदाबाजार के ग्राम घुलघुल में मल्लीन नाला पर 3 करोड़ 44 लाख रुपए और कसडोल के ग्राम मटिया में मटिया नाला पर 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से स्टॉपडेम निर्माण
इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन, भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, श्रीमती लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष श्री आनंद यादव, संभागायुक्त श्री श्याम धावड़े, कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
