बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सलियों का डंप बरामद, जंगल से 50 BGL सेल जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। तलाशी के दौरान मौके से 50 नग बीजीएल (BGL) सेल जब्त किए गए हैं।

खुफिया सूचना पर चलाया गया संयुक्त सर्च ऑपरेशन

मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान जवानों को जंगल के कुछ स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले, जिसके बाद इलाके की सघन तलाशी ली गई।

डंप से मिले 50 BGL सेल

सुरक्षाबलों की तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। जांच करने पर उसमें 50 नग BGL सेल बरामद हुए। जवानों ने सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में ले लिया है।

इलाके में सर्चिंग अभियान जारी

इस मामले में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सुरक्षाबलों द्वारा आसपास के जंगलों में नक्सलियों की संभावित मौजूदगी और अन्य छिपे हुए डंप की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।