25 करोड़ की रंगदारी मामले में इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड, शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से पहले लीक हुई थी पुलिस दबिश की सूचना
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। पुलिस की गोपनीय दबिश की जानकारी लीक होने और फरार आरोपी शोएब ढेबर के कार्रवाई से पहले ही मौके से निकल जाने के बाद विभाग में जांच शुरू हुई थी।
दबिश से पहले फरार हो गया था शोएब ढेबर
पुलिस कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने खम्हारडीह सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने की आशंका जताई गई थी।
रायपुर कमिश्नर की रिपोर्ट पर निलंबन
बस्तर आईजी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 30 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन भेजा था। इसमें उनके आचरण को संदिग्ध और विभागीय मर्यादा के विपरीत पाए जाने का उल्लेख किया गया। इसी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
दो आरक्षक भी पहले हो चुके हैं निलंबित
गोपनीय पुलिस कार्रवाई की जानकारी लीक होने के संदेह में विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। इस मामले में लगातार हो रही विभागीय कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
