रायपुर के एमजी रोड पर चौपाटियों के लिए नए नियम, रात 9 से 1 बजे तक ही संचालन
रायपुर के एमजी रोड पर रात के समय संचालित होने वाली चौपाटियों को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम सख्ती बरतने की तैयारी में हैं। नए नियमों के अनुसार अब चौपाटियां रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति होगी।
चौपाटी संचालक सड़क या फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर ग्राहकों को नहीं बैठा सकेंगे। इसके अलावा सड़क पर वाहनों की पार्किंग कराने पर भी प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार शिकायतें मिलने या नियमों की अनदेखी होने पर चौपाटियों को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
इन व्यवस्थाओं को लागू करने के संबंध में यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, एमजी रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों के कारण सड़क पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की समस्याएं सामने आ रही हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों के साथ राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थायी दुकानदारों पर दबाव बनाने की मनाही
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालक किसी भी स्थायी दुकानदार को दुकान बंद करने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे और न ही इस संबंध में विवाद कर सकेंगे। अस्थायी दुकानें संबंधित स्थायी दुकान का शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेंगी।
पार्किंग और बैठने की व्यवस्था संचालकों की जिम्मेदारी
नए दिशा-निर्देशों के तहत सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सियां या टेबल लगाने की अनुमति नहीं होगी। ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करना भी चौपाटी संचालकों की जिम्मेदारी होगी। मुख्य सड़क या यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे।
कचरा प्रबंधन और सफाई पर भी रहेगी नजर
चौपाटी संचालकों को अपनी दुकानों के साथ आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। दुकान बंद करने के बाद पूरे परिसर की सफाई करनी होगी। सड़क, नाली या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर रोक रहेगी।
निगरानी करेंगे नगर निगम और यातायात पुलिस
बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को सफाई और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, व्यापारी संघ को स्थायी दुकानदारों और चौपाटी संचालकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चौपाटी संचालकों ने निर्धारित नियमों का पालन करने पर सहमति जताई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा शिकायत मिलने या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर चौपाटियों का संचालन पूरी तरह बंद भी कराया जा सकता है।
