रायपुर डेंटल कॉलेज में 22 साल से भर्ती का इंतजार, 29 पद खाली; नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने CM विष्णुदेव साय को लिखा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। कॉलेज में सहायक प्राध्यापक और व्याख्याता के कुल 29 पद लंबे समय से रिक्त हैं। पिछले 22 वर्षों से इन पदों पर नियमित भर्ती नहीं होने को लेकर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

डॉ. महंत ने अपने पत्र में बताया कि प्रदेश के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। उस समय कॉलेज में शिक्षकों के कुल 44 पद स्वीकृत किए गए थे। प्रारंभिक भर्ती प्रक्रिया में 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जबकि 18 पद शुरुआत से ही रिक्त रह गए थे।

26 में से अब केवल 15 शिक्षक कार्यरत

डॉ. महंत के अनुसार, वर्ष 2004 में नियुक्त किए गए 26 सहायक प्राध्यापकों और व्याख्याताओं में से वर्तमान में केवल 15 शिक्षक ही कार्यरत हैं। वहीं, नए पदों पर नियमित नियुक्तियां नहीं होने और पुराने कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण अब कुल 29 पद खाली हो चुके हैं।

शिक्षा और मरीजों के इलाज पर पड़ रहा असर

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्यों और अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था पर पड़ रहा है। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को बेहतर दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी कठिनाइयां आ रही हैं।

CGPSC के माध्यम से भर्ती की मांग

डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में रिक्त 29 पदों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) अथवा चिकित्सा शिक्षा विभाग के माध्यम से नियमित भर्ती की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई जाए, ताकि कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर हो और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।