ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे ने लिया फैसला; यात्रियों को सफर से पहले चार्ज करना होगा फोन
बिलासपुर। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के कोच में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान यात्री मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक चार्ज नहीं कर सकेंगे। रेलवे के इस फैसले से रात में सफर करने वाले यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
ओवरचार्जिंग और शॉर्ट सर्किट रोकने के लिए फैसला
रेलवे प्रशासन के अनुसार, रात के समय कई यात्री मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं। ऐसे में ओवरचार्जिंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। चलती ट्रेन में आग लगने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। इन्हीं संभावित जोखिमों को रोकने के उद्देश्य से चार्जिंग पॉइंट की बिजली निर्धारित समय के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

रात में मोबाइल चार्ज नहीं कर सकेंगे यात्री
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक लगातार छह घंटे चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे। इसका सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। दिनभर मोबाइल इस्तेमाल करने के बाद कई यात्री रात में सोते समय फोन चार्जिंग पर लगाते हैं। अब उन्हें अपनी यात्रा और मोबाइल की बैटरी का ध्यान पहले से रखना होगा।
रेलवे की यात्रियों से अपील, सफर से पहले चार्ज रखें डिवाइस
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में चढ़ने से पहले अपने मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को पर्याप्त रूप से चार्ज कर लें। इसके अलावा रात 11 बजे से पहले ही चार्जिंग की व्यवस्था कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की यह व्यवस्था संभावित आगजनी और विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की गई है।
