छत्तीसगढ़ में 5 दिन मौसम रहेगा शुष्क, धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड; 11.4 डिग्री के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।

गुरुवार को अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री कम रहा।

दिनभर आसमान साफ रहा और बारिश दर्ज नहीं की गई। सुबह 8:30 बजे हवा में नमी 81 प्रतिशत, जबकि शाम 5:30 बजे 55 प्रतिशत रही।

13 नवंबर को कैसा रहेगा रायपुर का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

रायपुर में सूर्योदय और सूर्यास्त का समय

  • सूर्योदय : सुबह 6:13 बजे
  • सूर्यास्त : शाम 5:24 बजे
  • चंद्रोदय : सुबह 9:39 बजे
  • चंद्रास्त : रात 8:28 बजे