रीवा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने फहराया ध्वज

रीवा: मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सद्भावना के प्रतीक खेल मशाल को प्रज्वलित कर और प्रतियोगिता के आधिकारिक ध्वज को फहराकर खेल उत्सव का औपचारिक आगाज किया।
समारोह के दौरान प्रदेश के 10 संभागों और ट्राईबल विभाग से आए युवा एथलीटों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
“खेल हमें अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा सिखाते हैं” — राजेंद्र शुक्ल
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं। उन्होंने कहा, “खेलों की सबसे खूबसूरत बात यह है कि इसमें हारने वाला खिलाड़ी भी विजेता को गले लगाकर बधाई देता है। प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी छुपी प्रतिभा को निखारने और राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का सर्वोत्तम मंच प्रदान करती हैं।”
उन्होंने रीवा को इस 70वीं शालेय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बाहर से आए सभी खिलाड़ियों का रीवा में अतिथि देवो भवः की परंपरा के अनुसार सत्कार किया जाएगा। साथ ही, खिलाड़ियों को रीवा की प्रसिद्ध व्हाइट टाइगर सफारी और पुरवा फॉल का भ्रमण भी कराया जाएगा।
अगडाल खेल परिसर में होंगी हैण्डबाल प्रतियोगिताएं
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन के तहत हैण्डबाल और थांगता मार्शल आर्ट की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। रीवा में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हैण्डबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्राम अगडाल के खेल परिसर में किया जाएगा। यह आयोजन हैण्डबाल खेल के प्रति अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले स्व. रामबिहारी मिश्र जी की स्मृति को नमन करने का एक प्रयास है, जो अगडाल निवासियों के लिए भी अत्यंत गौरव का विषय है।
खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ
समारोह में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी श्री विवेक गौतम ने सभी संभागों से आए प्रतिभागियों को निष्पक्षता और खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) श्री पी.एल. मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया और चार दिवसीय खेल आयोजन के लिए की गई आवास, भोजन और मैदान संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर श्रीमती हेमलता सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री योगेन्द्र सिंह, श्री गौरव पाण्डेय, सहायक संचालक राजेश मिश्रा, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन राजेश तिवारी, सांदीपनि विद्यालय रायपुर कर्चुलियान के प्राचार्य वरूणेन्द्र सिंह सहित खेल विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

