रायपुर: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त और विकसित भारत का हो रहा निर्माण – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर (UPI24 News)। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुजरात के वडनगर और बस्तर संभाग से रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रभाव और युवा शक्ति को जोड़ने वाला एक विशाल अभियान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है।”
पीएम मोदी के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के वडनगर (प्रधानमंत्री की जन्मभूमि) से शुरू होकर वाराणसी (कर्मभूमि) तक जाने वाली यह यात्रा युवाओं में राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध बढ़ा रही है। 1,200 युवाओं द्वारा 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली इस यात्रा के माध्यम से स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है।
बस्तर में भय से मुक्ति और नई उम्मीदें
बस्तर के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी हिंसा और भय से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति, विश्वास और विकास का माहौल बना है। दूरस्थ अंचलों तक सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है।
कार्यक्रम में बस्तर के विद्यार्थियों (गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके) ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि अब बस्तर की नई पीढ़ी भारतीय सेना, सिविल सेवाओं, मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में जाने के सपने देख रही है।
कार्यक्रम में गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन करते हुए राज्यसभा सांसद श्री राजीव शुक्ला ने यात्रा के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्री वी.डी. शर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री किरण सिंहदेव, श्री अनुज शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

