कुनकुरी में 1.01 करोड़ से विकास कार्यों को मिली अंतिम मंजूरी
रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। स्वीकृति मिलने के बाद अब नगर में सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इन विकास कार्यों के पूरा होने से कुनकुरी में सार्वजनिक अधोसंरचना मजबूत होने के साथ नागरिकों को अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी। दोनों कार्य मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के तहत स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान कुनकुरी नगर के लिए इन दोनों विकास कार्यों की घोषणा की थी। घोषणा के अनुरूप अब शासन की ओर से दोनों कार्यों के लिए अंतिम स्वीकृति जारी कर दी गई है।
76.81 लाख रुपये से बनेगा सूर्य नमस्कार चौक
कुनकुरी नगर के वार्ड क्रमांक 06 में हनुमान टेकड़ी के समीप सूर्य नमस्कार चौक विकसित किया जाएगा। इस कार्य के लिए 76.81 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
चौक के निर्माण से क्षेत्र को एक सुव्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से नगर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर नागरिकों के लिए एक उपयोगी सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा।
24.83 लाख रुपये की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन
इसी क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 06, हनुमान टेकड़ी के पास सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए 24.83 लाख रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है।
सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधारभूत सुविधा विकसित होगी।
घोषणाओं के अमल में आने से नगरवासियों में उत्साह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप दोनों विकास कार्यों को अंतिम मंजूरी मिलने से कुनकुरी के नागरिकों में उत्साह है। स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
नगरवासियों का कहना है कि सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कुनकुरी के विकास और सार्वजनिक अधोसंरचना को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
