सेवा संकल्प अभियान को लेकर बिलासपुर में तैयारियां तेज

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

चार विकासखंडों से निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

अरुण साव ने निर्देश दिए कि 7 अक्टूबर को मस्तूरी, बिल्हा, कोटा और तखतपुर विकासखंडों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

सेवा ज्योति कलश यात्राओं का समापन जिला मुख्यालय स्थित बहतराई स्टेडियम में होगा। यहां सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को सुनने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ से दिया जाएगा जनसेवा का संदेश

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आयोजित होने वाले रंगोली कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में आकर्षक तथा संदेशपरक रंगोली तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि रंगोली के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

‘आंगन मिलन सेवा’ में स्वास्थ्य और पोषण पर रहेगा फोकस

अरुण साव ने आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को उत्सवी माहौल में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी परामर्श तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

1 अक्टूबर को सरकारी कार्यालयों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधि के अंतर्गत 1 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा अरपा नदी के प्रमुख घाटों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने तैयारियों की दी जानकारी

बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में प्रस्तावित आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और विभागवार कार्ययोजना की जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक एवं सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक ठाकुर, मोहित जायसवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल तथा विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।