बेमेतरा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा

बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों से अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों, अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसेवा को और प्रभावी बनाने का माध्यम है सेवा संकल्प अभियान

अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक निर्धारित कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए। इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन को आम नागरिकों के प्रति अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और निर्धारित कार्यक्रमों को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाली प्रत्येक गतिविधि का सीधा उद्देश्य जनसेवा और समाज के विभिन्न वर्गों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना होना चाहिए।

चारों विकासखंडों में निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के चारों विकासखंडों बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा में सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा विभिन्न ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी और लोगों के बीच सेवा, समर्पण, स्वच्छता, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा के लिए रूट चार्ट तैयार करने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा का समापन जिला मुख्यालय में किया जाए तथा इस अवसर पर आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को सुनने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली कार्यक्रम

बैठक में ‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आयोजित किए जाने वाले रंगोली कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अरुण साव ने निर्देश दिए कि जिले के सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि रंगोली के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और जनसेवा से जुड़े संदेशों को प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया जाए। इस आयोजन में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

‘आंगन मिलन सेवा’ में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में होने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच, पोषण संबंधी परामर्श तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल गतिविधियों पर जोर

शिक्षा विभाग की गतिविधियों पर चर्चा के दौरान अरुण साव ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने जिले के सभी स्कूलों में नियमित रूप से खेल गतिविधियां संचालित करने और प्रतिदिन खेल के लिए निर्धारित समय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ उनके मानसिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्कूलों में नियमित खेल अभ्यास को बढ़ावा देने के साथ बच्चों की प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बेमेतरा जिला नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों में अपनी अलग पहचान रखता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत भी जिले में सभी विभागों और आम जनता की सहभागिता से प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि बेमेतरा पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण बन सके।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जनपद पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र साहू, माधुरी परगनिहा एवं हेमा दिवाकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।