तीर्थयात्रियों के लिए आस्था की यात्रा शुरू, रायपुर से भारत गौरव ट्रेन रवाना
रायपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को तीर्थयात्रा कराने वाली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन मंगलवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से महाराष्ट्र के प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए रवाना हुई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ट्रेन के प्रस्थान से पहले रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
यह तीर्थयात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र के शिर्डी में साईं बाबा मंदिर, शनि शिंगणापुर में शनिदेव मंदिर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का प्रबंध किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए आस्था और आध्यात्मिक अनुभव का अवसर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। कई लोग लंबे समय से धार्मिक स्थलों की यात्रा करने की इच्छा रखते हैं, लेकिन आर्थिक, पारिवारिक या अन्य परिस्थितियों के कारण अपनी इच्छा पूरी नहीं कर पाते। ऐसे लोगों के लिए यह योजना तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा अवसर नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम भी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि योजना के पात्र हितग्राहियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और वे सुरक्षित एवं सहज वातावरण में प्रमुख तीर्थस्थलों का दर्शन कर सकें।
प्रमुख तीर्थस्थलों के होंगे दर्शन
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर दिया जाता है। इसी क्रम में इस बार महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को यात्रा में शामिल किया गया है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने, अपने स्वास्थ्य और सामान का ध्यान रखने तथा यात्रा के इस विशेष अवसर का आनंद लेने का आग्रह किया।
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की रवानगी के अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
