रायपुर में बाढ़ से हाहाकार: NDRF-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, भाठागांव और चंदनीडीह से 239 लोग सुरक्षित निकाले गए

रायपुर:
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई गांव और बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। जिले के गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों—भाठागांव, चंदनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह में एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों द्वारा राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीमें मौके पर डटी हुई हैं। अब तक भाठागांव और चंदनीडीह से कुल 239 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है।
भाठागांव में 54 लोगों का रेस्क्यू, श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन में ठहराया
ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार प्रवीण परमार और नगर निगम जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की मौजूदगी में 54 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। इन सभी को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन, भाठागांव में ठहराया गया है, जहां उनके लिए नाश्ते, भोजन और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। फिलहाल केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर इलाकों में बचाव कार्य जारी है।
चंदनीडीह से 185 नागरिक सुरक्षित निकाले गए
ग्राम चंदनीडीह में नायब तहसीलदार सौरभ कश्यप और जोन-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा की देखरेख में NDRF की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 185 नागरिकों को बाढ़ के पानी से बाहर निकाला।
वहीं ग्राम काठाडीह में एसडीएम नंद कुमार चौबे, NDRF के कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और तहसीलदार राममूर्ति दीवान की टीम मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार रेस्क्यू जारी है।

