सक्ती को 122 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
शिवराज सिंह चौहान और विष्णु देव साय ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण
सक्ती, 12 सितंबर 2026।
सक्ती जिले के विकास को नई गति देने के लिए आज ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को करीब 122 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत वाली कुल 38 परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं में करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत से 23 कार्यों का भूमिपूजन तथा लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हो चुके 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से जिले में आवागमन की सुविधाओं के साथ ग्रामीण अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सड़क नेटवर्क को मिलेगा विस्तार
कार्यक्रम के दौरान जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया, उनमें देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रमुख है। इस परियोजना पर करीब 25.82 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इसी तरह छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण के लिए लगभग 15.30 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा
जिले में शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं के विस्तार के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ग्रामीण आबादी को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदनों की स्थापना से जुड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।
42 करोड़ से अधिक के पूर्ण कार्य जनता को समर्पित
कार्यक्रम में 42.46 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पूर्ण किए जा चुके 15 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सड़क शामिल है।
वहीं देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण पर लगभग 11.35 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
जल, प्रशासन और पुलिस अधोसंरचना को भी मजबूती
जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंपों को भी जनता के लिए समर्पित किया गया। इसके अलावा चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नए पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण हुआ।
इसी क्रम में सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किए गए। इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
