नवा रायपुर को मिला बड़ा हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट, 111 कमरों का Ginger Hotel

नवा रायपुर को मिला बड़ा हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट, 111 कमरों का Ginger Hotel होगा विकसित

रायपुर, 10 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर की पहचान अब तेजी से एक आधुनिक प्रशासनिक शहर से आगे बढ़कर बिजनेस, निवेश और हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में शहर को देश के प्रमुख हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स में शामिल Ginger Hotel की सौगात मिलने जा रही है। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में 111 कमरों वाले Ginger Hotel के विकास की घोषणा की है।

यह परियोजना ब्राउनफील्ड मॉडल के तहत विकसित की जाएगी। इसके लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है। होटल के शुरू होने से नवा रायपुर में व्यावसायिक गतिविधियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों के लिए आधुनिक आवास एवं आतिथ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

निवेश और विकास की संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में IHCL जैसे प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी समूह का प्रोजेक्ट आना छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और निवेश के लिए अनुकूल शहर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होने से निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों को सुविधाजनक माहौल मिलेगा। इससे शहर में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।

बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मिलेगी मजबूती

वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में Ginger Hotel का प्रोजेक्ट शहर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को और मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही गुणवत्तापूर्ण होटल और आतिथ्य सेवाओं की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले निवेशकों और देश-विदेश के प्रतिनिधियों को आधुनिक सुविधाओं वाला बेहतर इकोसिस्टम उपलब्ध कराया जाए।

ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड की मौजूदगी नवा रायपुर में बढ़ते कारोबारी अवसरों और शहर के बदलते स्वरूप का संकेत है।

111 कमरों के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा होटल

प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में कुल 111 कमरे होंगे। होटल को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें आरामदायक एवं आधुनिक कमरे, Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

होटल का डिजाइन और सुविधाएं खासतौर पर बिजनेस ट्रैवलर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाएंगी। इसके साथ ही नवा रायपुर घूमने और अवकाश बिताने आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह होटल सुविधाजनक विकल्प के रूप में विकसित होगा।

नए हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट के साथ नवा रायपुर में कॉर्पोरेट गतिविधियों, पर्यटन और निवेश से जुड़े इकोसिस्टम को और विस्तार मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना शहर को आधुनिक बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।