सड़क पर गणेश पंडाल लगाने की तैयारी पर निगम की कार्रवाई
रायपुर। गणेश उत्सव को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी बीच सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर गणेश पंडाल लगाए जाने की सूचना मिलने पर रायपुर नगर निगम ने संबंधित समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी है।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-3 का अमला पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के साथ तेलीबांधा क्षेत्र में पहुंचा। तेलीबांधा ओवरब्रिज के पास और तेलीबांधा जैतखंभ के समीप सड़क पर गणेश पंडाल लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
जोन-3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज सहित निगम के अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नरेट के जोन क्षेत्र के अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा की गई।
सड़क पर पंडाल नहीं लगाने की दी समझाइश
निगम अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से समझाया कि सार्वजनिक सड़क अथवा यातायात मार्ग को बाधित करते हुए पंडाल नहीं लगाया जाए। अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव के आयोजन के लिए शासन, प्रशासन और संबंधित नियमों के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।
जोन-3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह ने समितियों के पदाधिकारियों से कहा कि गणेश पंडाल लगाने से पहले संबंधित अनुमति और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी की जाए। आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।
नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन जरूरी
निगम एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही समितियों से पंडाल स्थापना से संबंधित आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र और अनुमति की जानकारी मांगी। साथ ही उन्हें बताया गया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), राज्य शासन और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही गणेश उत्सव से जुड़े आयोजन किए जाएं।
अधिकारियों ने समितियों से कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। सड़क अथवा ऐसे स्थान पर पंडाल लगाने से बचें, जिससे वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो।
नगर निगम ने गणेश उत्सव समितियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित नियमों का पालन कर उत्सव को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आयोजित किया जाए। निगम एवं पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
