गुरु-शिष्य परंपरा, कला और देशभक्ति से सजा तिरंगा शक्ति फेस्ट का ग्रैंड फिनाले
शहीद स्मारक भवन में करीब 30 प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नन्हे कलाकारों से लेकर शिक्षकों तक ने दिखाया हुनर
रायपुर। जयस्तंभ चौक स्थित शहीद स्मारक भवन में शुक्रवार को कला, संस्कृति, देशभक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा का मनमोहक संगम देखने को मिला। सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति और गुरु वंदन की थीम को समर्पित तिरंगा शक्ति फेस्ट के ग्रैंड फिनाले में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और जिला प्रशासन रायपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति प्रस्तुतियों के साथ वर्चुअल एयर प्रोग्राम समेत करीब 30 प्रस्तुतियां हुईं। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
नन्हे कलाकारों से अनुभवी प्रतिभाओं तक, एक मंच पर दिखा हुनर
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों की भागीदारी रही। करीब पांच वर्ष की उम्र के बच्चों ने भी मंच संभालकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मासूम चेहरे, छोटे कदम और बड़े आत्मविश्वास के साथ दी गई इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में 5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष के दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए थे। इससे मंच पर बच्चों की सहज प्रतिभा से लेकर अनुभवी कलाकारों की परिपक्व कला तक का सुंदर संगम देखने को मिला।
जब शिक्षक बने कलाकार, जीवंत हुई गुरु-शिष्य परंपरा
‘गुरु वंदन’ की थीम ने आयोजन को विशेष भावनात्मक पहचान दी। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कई शिक्षक स्वयं मंच पर कलाकार की भूमिका में नजर आए और विद्यार्थियों के साथ प्रस्तुतियां दीं।
गुरु और शिष्य का एक साथ मंच साझा करना भारतीय परंपरा के उस भाव को जीवंत करता नजर आया, जिसमें ज्ञान के साथ संस्कार और कला की पीढ़ी-दर-पीढ़ी यात्रा जुड़ी हुई है।
कलाकारों और आयोजन से जुड़े कर्मियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने तिरंगा शक्ति फेस्ट में अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले नन्हे, युवा और अनुभवी कलाकारों का प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मान किया। इसके साथ ही कला केंद्र रायपुर, नगर निगम रायपुर और स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा कि कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए नागरिकों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने रायपुरवासियों से अपील की कि वे तिरंगा शक्ति फेस्ट के आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलाकारों का मनोबल बढ़ाएं। दर्शकों का प्रोत्साहन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी कला को निखारने की प्रेरणा देता है।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने तिरंगा शक्ति फेस्ट की सराहना करते हुए कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी ने भी आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों की प्रशंसा की और आगामी कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिरगांव नगर निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
हर महीने बदलेगी तिरंगा शक्ति फेस्ट की थीम
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बताया कि तिरंगा शक्ति फेस्ट को हर महीने अलग विषय और उद्देश्य के साथ आयोजित किया जाएगा। विभिन्न महापुरुषों की जयंती, महत्वपूर्ण अवसरों और समाज के अलग-अलग वर्गों को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों की थीम तय की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य रायपुर में कला, संस्कृति, साहित्य, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि शहर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।
‘अंत्योदय’ को मिलेगा अगला मंच
आगामी 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर तिरंगा शक्ति फेस्ट को ‘अंत्योदय दिवस’ की भावना से जोड़ा जाएगा। आयोजन का केंद्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने की सोच होगी।
इस अवसर पर स्वच्छता दीदी, पिंक दीदी, सफाई दीदी सहित जमीनी स्तर पर समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को मंच प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा।
रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर महिलाओं के नाम रहेगा मंच
19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला तिरंगा शक्ति फेस्ट विशेष रूप से महिलाओं को समर्पित रहेगा। इस आयोजन में महिला प्रतिभागियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं को मिलेगा मौका
12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित तिरंगा फेस्ट में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं पर विशेष फोकस रहेगा। युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता, विचार और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाएगा।
दिसंबर में अटल जी को समर्पित होगा कवि सम्मेलन
दिसंबर माह का तिरंगा फेस्ट पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात कवि अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित रहेगा। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर भव्य ग्रैंड कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कविता, साहित्य, राष्ट्रभावना और सामाजिक सरोकारों का संगम देखने को मिलेगा।
चार संस्थाएं मिलकर दे रही हैं प्रतिभाओं को मंच
तिरंगा शक्ति फेस्ट का आयोजन जिला प्रशासन रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर, कला केंद्र और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। पहल का उद्देश्य शहर में मौजूद कला और प्रतिभाओं को मंच देने के साथ सामाजिक सरोकारों और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करना है।
‘गुरु वंदन’ ग्रैंड फिनाले ने इस अभियान को नई पहचान दी। कथक की थाप, भरतनाट्यम की मुद्राएं, गीतों की मधुरता, देशभक्ति के स्वर और नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा उम्र की सीमाओं में बंधी नहीं होती।
तिरंगा शक्ति फेस्ट अब महज एक प्रतियोगिता नहीं रह गया है, बल्कि हर महीने बदलती थीम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, प्रतिभाओं और जमीनी स्तर पर योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने का अनूठा सांस्कृतिक मंच बनता जा रहा है।
