तकनीकी वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने बनेगी व्यापक कार्ययोजना, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

रायपुर, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र उद्योग की संभावनाओं को विकसित करने के लिए राज्य सरकार व्यापक रणनीति तैयार करेगी। मुख्य सचिव विकासशील ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के अंतर्गत ग्रामोद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश में इस क्षेत्र के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में रोजगार, कौशल विकास और औद्योगिक गतिविधियों की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। इसके लिए प्रदेश के शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएं।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग की ओर से राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत संचालित एवं प्रस्तावित गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। इसमें शिक्षा एवं प्रशिक्षण के साथ कौशल विकास, बाजार विस्तार, अनुसंधान, नवाचार तथा तकनीकी विकास जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में तकनीकी वस्त्रों के उपयोग और संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। इनमें एग्रो टेक्सटाईल, मेडिकल टेक्सटाईल, कंस्ट्रक्शन टेक्सटाईल, स्मार्ट टेक्सटाईल तथा स्पोर्ट्स, होम एवं क्लॉथ से संबंधित क्षेत्र प्रमुख रहे।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा के साथ उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा तथा विश्वविद्यालयों से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित रहे।