जनदर्शन में पहुंचे 44 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

महासमुंद। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के समक्ष रखीं। जनदर्शन के दौरान राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े 44 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और आवेदकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण राहत उपलब्ध कराई जाए।

अलग-अलग समस्याओं को लेकर पहुंचे ग्रामीण

जनदर्शन में ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग से संबंधित खाते में आ रही समस्या की जानकारी देते हुए आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिला श्रम अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम मालीडीह के बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, जबकि ग्राम सिंघनपुर, बसना के लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। सरायपाली क्षेत्र के आवेदकों ने गौरव पथ से फोरलेन नेशनल हाईवे-53 तक जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई।

इसी तरह ग्राम खेमड़ा के ग्रामीणों ने जर्जर पुल की मरम्मत की मांग रखी। ग्राम मोखापुटका की सरपंच ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदन दिया। तुरी समाज के लोगों ने अपनी जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किए जाने की मांग से संबंधित आवेदन भी सौंपा।

सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत, जांच के निर्देश

ग्राम जगदीशपुर के ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 13 से अटल चौक तक निर्मित सीसी रोड में कथित अनियमितता की शिकायत जनदर्शन में रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को जांच टीम भेजकर स्थल का निरीक्षण कराने और वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जनदर्शन में नामांतरण, भूमि संबंधी विवाद एवं अतिक्रमण, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।