कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में जीता रजत पदक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

रायपुर (UPI24 News)।

छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली एथलीट और राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने वैश्विक मंच पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Commonwealth Games 2026) की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

छत्तीसगढ़ की प्रतिभा का वैश्विक मंच पर सम्मान: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव की सराहना करते हुए कहा कि विश्व स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उनका रजत पदक जीतना केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और निरंतर परिश्रम के बल पर दुनिया के किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा देगी।”

खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

प्रदेश में खेल सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर ढांचागत सुविधाएँ और प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि यहाँ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का तिरंगा इसी तरह लहराती रहेंगी।