जल जीवन मिशन से बदली जशपुर के बिरहीपानी की तस्वीर: 129 वनांचल घरों तक पहुंचा नल से शुद्ध पेयजल, CM साय की पहल लाई रंग

रायपुर, 10 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘जल जीवन मिशन’ के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले के जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित सीमांत ग्राम बिरहीपानी में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव लाया है। अब इस सुदूर गांव के सभी 129 घरों में नल के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

दुर्गम वनांचल में खत्म हुआ पेयजल संकट

घने जंगलों से घिरे और भौगोलिक दृष्टि से बेहद दुर्गम इस गांव में लंबे समय तक मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया था। जल जीवन मिशन से पहले ग्रामीण अपनी पेयजल आवश्यकताओं के लिए हैंडपंप, कुएं और ढोढ़ी जैसे पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर थे।

  • गर्मी के दिनों में जलस्तर घटने से पानी का संकट गहरा जाता था।

  • महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

  • असुरक्षित जल के उपयोग से जलजनित बीमारियों का खतरा हमेशा बना रहता था।

चार उच्च स्तरीय टंकियों और पाइपलाइन से घर-घर पहुंचा जल

इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम बिरहीपानी में एक व्यवस्थित पाइप जल प्रदाय प्रणाली विकसित की गई।

  • योजना के तहत गांव में चार उच्च स्तरीय जलागारों (Water Tanks) का निर्माण किया गया।

  • पूरे गांव में पाइपलाइन का मजबूत नेटवर्क बिछाया गया।

  • इसके माध्यम से गांव के सभी 129 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) उपलब्ध कराए गए हैं।

महिलाओं को मिली राहत, बच्चों की स्कूल उपस्थिति बढ़ी

अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल मिलने से महिलाओं के समय और श्रम की बड़ी बचत हुई है। अब वे परिवार की देखभाल, बच्चों की शिक्षा और आजीविका संबंधी गतिविधियों में अधिक समय दे पा रही हैं। इसके अलावा, स्वच्छ पानी मिलने से जलजनित बीमारियों में भारी कमी आई है और बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी बढ़ी है।

सतत संचालन के लिए बनी समिति: योजना के दीर्घकालिक रखरखाव के लिए ग्राम स्तर पर ‘जल एवं स्वच्छता समिति’ का गठन किया गया है। स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से जलापूर्ति व्यवस्था का सफल संचालन किया जा रहा है।

ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर-घर नल से जल उपलब्ध होने से उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बन गया है।