शुभारंभ फाउंडेशन ने नगर निगम गार्डन में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रायपुर। शुभारंभ फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा कटनकर के नेतृत्व में नगर निगम गार्डन में पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर अध्यक्ष सीमा कटनकर ने उपस्थित नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” आग्रह करते हुए कहा कि माँ के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित भविष्य का आधार भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण किया गया तथा लोगों को पौधे वितरित कर उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शुभारंभ ग्रुप एवं शुभारंभ फाउंडेशन की टीम का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर गौरी अवधिया, प्रीति ठाकुर, नंदनी, समता,लक्ष्मी जिलहारे, अरुणा, खुशबू, नीलम सहित शुभारंभ फाउंडेशन की पूरी टीम उपस्थित रही और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
