बिरगांव में नाली में मिला नवजात का शव, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बिरगांव। रायपुर जिले के बिरगांव क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नाली में नवजात शिशु का शव मिलने की जानकारी सामने आई। नवजात का शव कपड़े में लिपटा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने नाली में कपड़े में लिपटा शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के बाद नाली में फेंका गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि नवजात को फेंकने वाले व्यक्ति या आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश और दुख का माहौल है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
