रायपुर में जीजा ने साले की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी ने डायल-112 पर कॉल कर किया सरेंडर

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित सरोरा इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी ने स्वयं डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम प्रकाश साहू बताया गया है। दोनों मजदूर नगर सरोरा इलाके में रहते थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उरला पुलिस के अनुसार आरोपी प्रकाश साहू पिछले तीन वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहा था। इसी बात को लेकर उसका साला गिरधर गोपाल अक्सर उसे ताना मारता था। बुधवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी प्रकाश साहू ने गुस्से में आकर गिरधर गोपाल पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गिरधर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी और आत्मसमर्पण कर दिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मानसिक तनाव में रहता था तथा उसका ससुराल पक्ष के लोगों से अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।