रायपुर IPL मैच में भारी अव्यवस्था, गेट तोड़कर स्टेडियम में घुसी भीड़
रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित IPL मुकाबले के दौरान भारी अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति देखने को मिली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए मुकाबले में जहां RCB ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की, वहीं स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और एंट्री मैनेजमेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार कई दर्शकों ने आरोप लगाया कि टिकट होने के बावजूद उन्हें स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके चलते गेट नंबर-2 के पास भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति बेकाबू हो गई। नाराज लोगों ने गेट तोड़कर स्टेडियम में घुसने की कोशिश की। इस दौरान कुछ लोग दीवार कूदकर भी अंदर प्रवेश करते नजर आए।

हंगामे के बीच सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वहीं मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोकने की बात भी सामने आई है।

बारिश के कारण मैच निर्धारित समय से देरी से रात 8:45 बजे शुरू हुआ, लेकिन खराब मौसम के बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में फैंस बारिश में भीगते हुए स्टेडियम पहुंचे। कई दर्शकों ने बताया कि वे विराट कोहली को सपोर्ट करने आए थे, जबकि कुछ फैंस कोलकाता से KKR टीम का समर्थन करने रायपुर पहुंचे थे।
इससे पहले भी रायपुर में आयोजित IPL मुकाबलों के दौरान अव्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ चुके हैं। एक बार फिर सामने आई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
