राज्यपाल रामेन डेका की मौजूदगी में भव्य हनुमान जन्मोत्सव, कुबेर राठी के सेवा संकल्प की सराहना

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ में हनुमान जन्मोत्सव अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी आयोजन में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन की भव्यता और समाजसेवी कुबेर राठी के सेवा संकल्प की राज्यपाल ने मुक्त कंठ से सराहना की।

भक्ति और सामाजिक समरसता का संगम
भगवान हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि ईश्वर ऐसे पुण्य कार्यों के लिए अपने विशेष भक्तों को चुनता है। उन्होंने कुबेर राठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और समरसता का सशक्त उदाहरण है।

किरण सिंह देव ने दी शुभकामनाएं
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को जोड़ते हुए भक्ति और सामाजिक समरसता का केंद्र बनता जा रहा है।

“सेवा ही जीवन का परम लक्ष्य” — कुबेर राठी
समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी कुबेर राठी ने बजरंगबली की भव्य आरती कर प्रदेशवासियों के आरोग्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि “बजरंगबली की सेवा ही मेरे जीवन का एकमात्र लक्ष्य है। महीनों की तैयारी और सेवादारों का समर्पण आज सफल हुआ है, यह सब प्रभु की कृपा है।”

महाभंडारे में 15 हजार श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल महाभंडारे में लगभग 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से प्रसाद ग्रहण किया। ‘जय बजरंगबली’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय हो उठा।

महाआरती और आतिशबाजी ने बांधा समां

रात्रि में गंगा आरती की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर हो गया। इसके बाद लेजर शो और आकर्षक आतिशबाजी ने उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।

दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
इस अवसर पर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, दक्षिण विधायक सुनील सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।