हिंदू नववर्ष पर रायपुर में भव्य शोभायात्रा, ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंजा शहर

रायपुर। भारतीय संस्कृति, गौरव और परंपरा के प्रतीक हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई। रामराज परिवार द्वारा अपने 17वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल शोभायात्रा ने इस बार भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित किए।
इस गरिमामय आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री राम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। रामराज परिवार द्वारा 17 वर्षों से किया जा रहा यह आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
इस भव्य आयोजन में नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी कुबेर राठी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रभु श्री राम के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और सभी नगरवासियों को हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत) की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह हमारी युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
आयोजन समिति के संरक्षक महेंद्र सिंघानिया ने बताया कि यह शोभायात्रा केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष के स्वागत का एक विराट उत्सव है। शोभायात्रा में जीवंत झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज और हाथों में भगवा ध्वज थामे हजारों राम भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा के दौरान भक्ति का अनूठा दृश्य भी देखने को मिला, जब माँ काली के जयकारों के बीच समाजसेवी कुबेर राठी भावविभोर होकर नृत्य करने लगे। उनके इस श्रद्धा भाव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ सप्रे मैदान से हुआ, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में सामाजिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा मंच लगाकर पुष्प वर्षा की गई तथा शीतल जल और शरबत से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पूरा शहर ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पुत्री, भाजपा कार्यकर्ता, रामराज समिति के सदस्यगण सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

You may have missed