रायपुर में वीरांगना अवन्ति बाई लोधी को श्रद्धांजलि, महापौर मीनल चौबे ने किया नमन

रायपुर। वीरांगना अवन्ति बाई लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। पंडरी स्थित जिला अस्पताल परिसर में आयोजित संक्षिप्त पुष्पांजलि कार्यक्रम में रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने समस्त शहरवासियों की ओर से वीरांगना को सादर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, मोहन उपारकर सहित लोधी क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, नवयुवक और आमजन उपस्थित रहे। सभी ने वीरांगना अवन्ति बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना अवन्ति बाई लोधी का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

You may have missed