सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान: अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा में 600 महिलाओं को किया सम्मानित
रायपुर । बरपाली तहसील में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अदाणी फाउंडेशन द्वारा कोरबा पॉवर लिमिटेड के समीप ग्राम पताड़ी में आयोजित इस समारोह में आसपास की 14 ग्राम पंचायतों की लगभग 600 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पताड़ी, पहंदा, खोड्डल, सरगबूंदिया, कुदूरमल, ढनढ़नी, कटबितला, देवरमल सहित अन्य ग्रामों की 100 मितानिनों एवं 500 स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को प्रोत्साहित करना और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देना रहा।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत, जनपद सदस्य रीना सिदार (सरगबूंदिया) तथा जिला समन्वयक (मितानिन) कुमारी वंदना गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच पर विभिन्न ग्रामों के सरपंच, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा कोरबा पॉवर लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर जोर
सभा को संबोधित करते हुए सुष्मिता अनंत ने कहा कि आज महिलाएं देश की हर सेवा और क्षेत्र में उच्च पदों पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्रपति भी महिला हैं, जो देश की प्रगति में महिलाओं की सशक्त भागीदारी का प्रतीक है।
जनपद सदस्य रीना सिदार ने कहा कि अदाणी समूह द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। आज महिलाएं रेल से लेकर विमान तक संचालित कर रही हैं और समाज के हर क्षेत्र में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
जिला समन्वयक (मितानिन) वंदना गुप्ता ने बताया कि कोरोना काल जैसे चुनौतीपूर्ण समय में मितानिनों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रसूति सेवाओं से लेकर जागरूकता अभियानों तक, उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
कोरबा पॉवर लिमिटेड के डॉ. विकास ठाकुर ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी समाज को नई दिशा देने का संकेत है और इससे क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में प्रीति प्रजापति, ताजेंद्र बंजारे, पवन महतो, स्वप्निल कुमार, अभिषेक कुमार, सुमित साहू और कृष्णा कुमार का विशेष सहयोग रहा।
अदाणी फाउंडेशन के इन प्रयासों से स्पष्ट है कि ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ की भावना के साथ संस्था स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कोरबा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
