रायपुर में CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 की तैयारियाँ तेज

डोम एवं टेंट निर्माण कार्य शुरू, निरीक्षण के लिए पहुँची CAIT टीम

रायपुर, 18 फरवरी 2026।

देश के प्रमुख व्यापारी संगठन Confederation of All India Traders (CAIT) द्वारा आयोजित CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 की तैयारियाँ अब जमीनी स्तर पर तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर के BTI Ground, शंकर नगर में 20 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे इस बहुप्रतीक्षित एक्सपो के लिए डोम एवं टेंट निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है।

निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने हेतु CAIT की टीम मेला स्थल पहुँची और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण में वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेंद्र दोशी, अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, महामंत्री श्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेंद्र जग्गी सहित कैट एवं युवा कैट के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

टीम ने डोम संरचनाओं, ओपन स्टॉल्स, ऑटोमोबाइल जोन, फूड जोन, पिंक पवेलियन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

“व्यापारियों के लिए अवसरों का महाकुंभ”

इस अवसर पर श्री अमर पारवानी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देशभर के व्यापारियों के लिए अवसरों का महाकुंभ है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य प्रारंभ होना इस बात का संकेत है कि आयोजन अब पूरी गति से आगे बढ़ चुका है और इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने बताया कि चार भव्य डोम, आकर्षक टेंट संरचनाएँ और थीम आधारित पवेलियन एक्सपो की भव्यता को नई पहचान देंगे। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ के व्यापार एवं उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी तथा “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की भावना को सशक्त बल मिलेगा।

सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान टीम ने समयबद्ध कार्य पूर्ण करने, सुरक्षा मानकों के पालन, आगंतुकों की सुविधा, पार्किंग व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टीम ने व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने पर जोर दिया।

व्यापारिक जगत में इस एक्सपो को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। डोम एवं टेंट निर्माण कार्य प्रारंभ होने के साथ ही नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 अब एक भव्य व्यापारिक महाआयोजन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।