जबलपुर और चंद्रपुरऑर्डनेंस फैक्ट्री में छुट्टियां रद्द, LoC पर तनाव, पाकिस्तान की धमकी और सोशल मीडिया पर जवाबी वार

मध्य प्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर की ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। प्रबंधन का कहना है कि मौजूदा हालात राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में उत्पादन नहीं रुकना चाहिए।

इस बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को खुलेआम धमकी दी है कि अगर भारत सिंधु नदी का पानी रोकता है तो पाकिस्तान हमला करेगा। यह वही मंत्री हैं जिन्होंने पहले माना था कि पाकिस्तान 30 साल से आतंकियों को पाल रहा है।

भारत ने पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट ब्लॉक कर दिया है। तरार ने भारत पर हमले का दावा किया था। इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत द्वारा ब्लॉक किया गया है।

इधर पाकिस्तान लगातार नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में यह उल्लंघन लगातार नौवें दिन जारी रहा, जिसका भारतीय सेना पूरी ताकत से जवाब दे रही है।

बांग्लादेश के रिटायर्ड जनरल फजलुर रहमान के विवादित बयान पर बांग्लादेश सरकार ने दूरी बना ली है। रहमान ने कहा था कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है तो ढाका को चीन के साथ मिलकर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों पर कब्जा कर लेना चाहिए।

तनाव बढ़ता देख पाकिस्तान ने खाड़ी देशों से हस्तक्षेप की अपील की है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब, कुवैत और UAE के राजदूतों से मुलाकात कर भारत पर दबाव बनाने की मांग की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बार 9 मई को रूस में होने वाली विक्ट्री डे परेड में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इधर NIA ने जम्मू की कोट भलवाल जेल में बंद दो आतंकियों से पूछताछ की है। ये दोनों 2023 में राजौरी जिले के डांगरी गांव में हुए आतंकी हमले में शामिल थे, जिसमें सात नागरिक मारे गए थे।

राजनीतिक मोर्चे पर, कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगे हैं। भाजपा ने इस बयान को देशविरोधी बताया और कांग्रेस पर सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।