रायपुर में 24 घंटे में दो बड़ी वारदातें: खमतराई में युवक की हत्या, डीडी नगर में हाफ मर्डर
रायपुर शहर में 24 घंटे के भीतर दो बड़ी आपराधिक घटनाओं से सनसनी फैल गई है। खमतराई इलाके में पैसे की लेन-देन को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि डीडी नगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लकड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
खमतराई में पैसों के विवाद में हत्या
खमतराई थाना क्षेत्र में रावाभाटा खदान तालाब के पास सागर सिंह नाम के युवक का शव मिला। इस संबंध में कृष्ण वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
जांच के दौरान पता चला कि युवक की मौत चाकू से हमला कर की गई है। घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपी विकास विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 30 अप्रैल की रात वह सागर से पैसे मांग रहा था। जब सागर ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू भी बरामद कर लिया है।
डीडी नगर में पुरानी रंजिश में हमला
शुक्रवार शाम डीडी नगर इलाके में एक और हिंसक वारदात हुई। आरोपी पिंटू का पुराना विवाद सोमेया राव नामक युवक से था। विवाद के दौरान पिंटू ने सोमेया के सिर पर लकड़ी के पट्टे से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश जारी है। वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हाथ में लकड़ी लिए नजर आ रहा है।
