आंधी-बारिश का कहर: दिल्ली-NCR, UP और छत्तीसगढ़ में 10 की मौत; फ्लाइट्स डिले, पेड़ गिरने से हादसे

दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गुरुवार रात तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में कुल 10 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली और यूपी में 4-4 जबकि छत्तीसगढ़ में 2 लोगों की जान गई है।

दिल्ली के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं, एयरपोर्ट पर 200 से ज्यादा फ्लाइट्स में देरी हुई और 3 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। इनमें से दो फ्लाइट्स को जयपुर और एक को अहमदाबाद भेजा गया।

दिल्ली एयरपोर्ट को संचालित करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने कहा है कि फिलहाल फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य है। बता दें कि यहां हर दिन करीब 1300 उड़ानों की आवाजाही होती है।

इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल के संदकफू में ताजा बर्फबारी और जम्मू में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

राजस्थान, एमपी, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को जयपुर, जैसलमेर, भीलवाड़ा और पाली में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई।

दिल्ली में नीम का पेड़ गिरा, महिला और 3 बच्चों की मौत

द्वारका के खारखड़ी नहर गांव में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के चलते एक नीम का पेड़ ट्यूबवेल रूम पर गिर गया। हादसे में एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति घायल है।

अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट:

3 मई

  • राजस्थान: धूलभरी आंधी

  • MP, हिमाचल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, बंगाल, ओडिशा: ओलावृष्टि

  • केरल, अरुणाचल, कर्नाटक: बारिश

  • दिल्ली, यूपी, पंजाब, बिहार, गुजरात: गर्मी का यलो अलर्ट

4 मई

  • राजस्थान: आंधी

  • MP: ओले

  • महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, पूर्वी UP, पूर्वोत्तर राज्यों: बारिश

  • MP, छत्तीसगढ़, विदर्भ: ऑरेंज अलर्ट

  • दिल्ली, यूपी, पंजाब आदि: यलो अलर्ट

5 मई

  • महाराष्ट्र, कर्नाटक, पूर्वी UP, पूर्वोत्तर राज्यों: बारिश

  • राजस्थान: आंधी

  • दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब आदि: यलो अलर्ट