भारत-पाक के बीच सांस्कृतिक तनाव, पाकिस्तानी कलाकार भारत में बैन, पाकिस्तान ने भारतीय गानों पर लगाई रोक

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके तहत उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी ब्लॉक कर दिया गया है। साथ ही भारत में चल रहे 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को भी बंद कर दिया गया है।

इस कार्रवाई से नाराज पाकिस्तान ने भी जवाबी कदम उठाया है। पाकिस्तान ने 1 मई, गुरुवार को अपने एफएम रेडियो स्टेशनों पर भारतीय गानों के प्रसारण पर रोक लगा दी है। यह जानकारी पाकिस्तान ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन (PBA) के महासचिव शकील मसूद ने दी। उन्होंने कहा कि देशभर के एफएम स्टेशनों पर अब भारतीय गाने नहीं बजाए जाएंगे।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने PBA के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे देशभक्ति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय एकता और मूल्यों की रक्षा के लिए लिया गया है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान में भारतीय गानों की लोकप्रियता काफी ज्यादा है। खासकर लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे दिग्गज गायकों के गाने एफएम रेडियो पर नियमित रूप से सुने जाते थे।

भारत में जिन पाकिस्तानी कलाकारों पर रोक लगी है, उनमें माहिरा खान, हानिया आमिर, अली जफर, माया अली, आयजा खान, सजल अली, इकरा अजीज और सनम सईद जैसे नाम शामिल हैं। इनमें से कई कलाकार पहले बॉलीवुड में काम कर चुके हैं। जैसे सजल अली ने श्रीदेवी की फिल्म मॉम में उनकी बेटी का किरदार निभाया था।