14 साल के वैभव का तूफानी शतक, द्रविड़ भी भावुक , राजस्थान ने गुजरात को 8 विकेट से रौंदा
IPL-18 के 47वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस को 8 विकेट से हराया। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के शतक की बदौलत राजस्थान ने 2 विकेट के नुकसान पर 16वें ओवर में ही 210 रन का टारगेट हासिल कर लिया। सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात ने 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए।
वैभव सूर्यवंशी ने सिक्स लगाकर अपना पहला शतक पूरा किया। शुभमन गिल के शॉट से संदीप शर्मा चोटिल हुए। शुभमन की जगह राशिद खान ने गुजरात की कप्तानी की। इसके अलावा मैच में कई रोचक लम्हे देखने को मिले।

RR Vs GT मैच के टॉप मोमेंट्स:
1. हेटमायर से सुदर्शन का कैच छूटा
दूसरे ओवर की पांचवीं बॉल पर साई सुदर्शन को जीवनदान मिला। महीश तीक्षणा ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर बॉल फेंकी। सुदर्शन ने ड्राइव किया, और बॉल एक्स्ट्रा कवर पर खड़े शिमरोन हेटमायर के पास गई।
हेटमायर ने कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सही टाइमिंग न होने की वजह से बॉल हाथ से फिसलकर सीने से टकराई और जमीन पर गिर गई। उस समय सुदर्शन 9 रन पर थे और उन्होंने 39 रन बनाए।
2. वैभव ने शुभमन का कैच ड्रॉप किया
सातवें ओवर की चौथी बॉल पर शुभमन गिल का कैच वैभव सूर्यवंशी से छूट गया। रियान पराग की गेंद पर गिल ने पुल शॉट खेला, जो डीप स्क्वेयर लेग की तरफ गया। वैभव ने डाइव लगाई, लेकिन कैच नहीं ले सके। उस समय गिल 35 रन पर थे, और उन्होंने 84 रन बनाए।

3. संदीप शर्मा चोटिल हुए लेकिन फिर भी ओवर पूरा किया
17वें ओवर की चौथी बॉल पर गिल ने सीधा शॉट खेला जो संदीप शर्मा के हाथ पर जाकर लगा। गेंद काफी तेज थी, जिससे संदीप को चोट लगी। फिजियो मैदान पर आए, जांच के बाद भी संदीप ने ओवर पूरा किया।
4. हेटमायर का शानदार कैच, सुंदर हुए आउट
19वें ओवर की चौथी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर हेटमायर के कैच से आउट हुए। संदीप शर्मा की धीमी बॉल पर सुंदर ने हवाई शॉट खेला। गेंद बल्ले के किनारे से लगकर ऊपर गई। हेटमायर और युद्धवीर सिंह में टकराव होते-होते बचा, लेकिन हेटमायर ने डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा।

5. शुभमन गिल बने इम्पैक्ट प्लेयर, राशिद खान ने की कप्तानी
गुजरात की पारी के बाद शुभमन गिल पवेलियन में ही रहे और ईशांत शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया। टीम की कप्तानी राशिद खान ने की। गिल ने शानदार 84 रन बनाए।
6. रियान पराग ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया
16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रियान पराग ने वॉशिंगटन सुंदर पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। वह 32 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
7. वैभव का ऐतिहासिक शतक, राहुल द्रविड़ व्हीलचेयर से खड़े हुए
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में शतक बनाया। उनका शतक इतना खास था कि राजस्थान रॉयल्स के कोच राहुल द्रविड़, जो व्हीलचेयर पर हैं, खड़े होकर जश्न मनाने लगे। उनका पैर फ्रैक्चर है, लेकिन फिर भी उन्होंने वैभव के लिए खड़े होकर उत्साह बढ़ाया।
