रायपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, व्हाट्सएप ग्रुप पर हो रही थी डीलिंग

राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए खुलेआम कट्टा और पिस्टल की डीलिंग हो रही थी, जिसमें मनपसंद हथियार उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था और ऑल इंडिया डिलीवरी की गारंटी दी जा रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध धंधे में अरुण कुमार और राहुल कुमार नाम के दो व्यक्ति मुख्य आरोपी हैं। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप में हथियारों की तस्वीरें शेयर कर खरीदारों को आकर्षित कर रहे थे। एक ग्रुप मैसेज में लिखा गया था— “जिस किसी भाई को सामान चाहिए, वह 8950****** नंबर पर संपर्क करे। ऑल इंडिया डिलीवरी उपलब्ध है।”

राज्य पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद्र सिंह ने क्राइम ब्रांच को जांच करने के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच की टीम अब इस ग्रुप के सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

यह घटनाक्रम राजधानी रायपुर में बढ़ती गोलीकांड की घटनाओं के बीच हुआ है। हाल ही में, 3 जुलाई 2024 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी पर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई थी। इसी तरह, 20 दिसंबर 2023 को लाभांडी क्षेत्र में गोलीबारी और 13 मई 2022 को महावीर इलाके में गोली चलने की घटनाएं सामने आई थीं।

इस अवैध हथियारों की तस्करी का सोशल मीडिया पर प्रचार होना और इस तरह से हथियार बेचना बेहद खतरनाक और चिंता का विषय है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed