नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे और 70 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह कल 27 फरवरी को
नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे और 70 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 27 फरवरी को राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस विशेष अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, शपथग्रहण समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जगदलपुर विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, आरंग विधायक एवं अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरू खुशवंत साहेब और अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू भी शामिल होंगे।
