छत्तीसगढ़ में 200 पटवारी पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी, 26 जिलों में होगी नियुक्ति
राजस्व विभाग ने जारी किया आदेश, सीजी व्यापमं आयोजित करेगा चयन परीक्षा; पांच जिलों में सबसे ज्यादा 15-15 पद
रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों में पटवारी के 200 रिक्त पदों को सीधी भर्ती के जरिए भरने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
पटवारी पदों के लिए चयन परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी सीजी व्यापमं के माध्यम से आयोजित की जाएगी। विभाग ने सभी संबंधित जिलों के कलेक्टरों को आदेश की प्रति भेजकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पांच जिलों में सबसे अधिक पद
जारी आदेश के अनुसार, 26 जिलों में कुल 200 पटवारी पदों पर भर्ती की जाएगी। जिलावार रिक्तियों के आधार पर पदों का आवंटन किया गया है। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले शामिल हैं, जहां सबसे ज्यादा 15-15 पद स्वीकृत किए गए हैं।
इनके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी उपलब्ध रिक्त पदों के अनुसार नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए जिलावार पदों की संख्या निर्धारित कर दी गई है।
व्यापमं परीक्षा के जरिए होगा चयन
पटवारी पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों को सीजी व्यापमं की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा की तिथि, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी विभाग एवं व्यापमं की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
200 पदों पर भर्ती की मंजूरी से प्रदेश में पटवारी बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का नया अवसर उपलब्ध होगा।
