खेलों से सशक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत : अरुण साव

रायपुर, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल हुए। देशभर में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया। देश के करीब 1,600 स्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। विभिन्न शहरों से खिलाड़ी और खेल जगत की जानी-मानी हस्तियां भी ऑनलाइन जुड़ीं।

रायपुर के कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं के साथ संवाद किया और खेल, फिटनेस, नेतृत्व तथा करियर से जुड़े सवालों पर अपने अनुभव साझा किए।

खेल केवल पदक नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का महत्व केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। खेल देश की युवाशक्ति और खेल शक्ति को एक साथ जोड़कर विकसित भारत के निर्माण का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि मैदान में सफलता के साथ खेल व्यक्ति के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और अनुशासन को भी विकसित करता है।

उन्होंने कहा कि भारत में आधुनिक खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। खेल विश्वविद्यालयों, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों, खेल विज्ञान, कोचिंग और प्रतिभा विकास की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि देश की प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।

युवाओं के विचारों से बनेगा भविष्य का खेल मॉडल

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं के विचारों और सुझावों को खेल नीति तथा देश के व्यापक विजन से जोड़ने का मंच है। खेल अधोसंरचना, प्रतिभा विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और विकसित भारत से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचारों को महत्व दिया जा रहा है।

नशे से दूर रहकर लक्ष्य की ओर बढ़ें युवा : अरुण साव

एनआईटी में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सफलता के पीछे निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं से अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की। साव ने कहा कि नशा व्यक्ति की क्षमता और भविष्य दोनों को नुकसान पहुंचाता है। स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज और विकसित भारत की नींव रख सकता है।

उन्होंने कहा कि जीवन में असफलताएं आना स्वाभाविक है, लेकिन किसी असफलता से निराश होकर लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए। युवाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। देश के विकास में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है।

तिलक वर्मा ने साझा किए खेल जीवन के अनुभव

क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनेक महत्वपूर्ण गुण विकसित करता है। खेल के माध्यम से कठिन परिस्थितियों का सामना करना, दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना, टीम भावना बनाए रखना और मानसिक रूप से मजबूत रहना सीखा जा सकता है।

उन्होंने फिटनेस, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को भी खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित किया है।

युवाओं को पहल के साथ जिम्मेदारी भी उठानी होगी

यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने कहा कि युवाओं की भूमिका केवल सुझाव देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें अपनी पहल और विचारों की जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान एनआईटी के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने ‘युवा संवाद’ में खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक खेल सुविधाओं, मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा तैयार करने, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व और शासन में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर एनआईटी के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित एनआईटी के प्राध्यापक, खिलाड़ी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।