बीरगांव नगर पालिक निगम में “वुमेन फॉर ट्री कैम्पेन ” का शुभारंभ

बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव में आज एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत हुई। विधायक श्री मोतीलाल साहू ने “वुमेन फॉर ट्री कैम्पेन” का शुभारंभ करते हुए पौधारोपण किया और इस विशेष अभियान को समाज के प्रति समर्पित किया।

यह अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के अंतर्गत अमृत मिशन-2.0 एवं डे- एन यू एल एम योजनाओं के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य हरित आवरण को बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना और महिलाओं को इस कार्य में भागीदारी देकर आत्मनिर्भर बनाना है।

अभियान के अंतर्गत बीरगांव नगर निगम की 2 महिला स्वसहायता समूहों को विशेष रूप से पौधारोपण एवं उनकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्य प्रारंभिक रूप से वार्ड क्रमांक 12, रावाभाठा गोठान में किया गया। दोनों महिला समूह आने वाले एक वर्ष तक पौधों की नियमित देखभाल करेंगे। समूहों को इसके लिए समय-समय पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, ताकि पौधों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।


इससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक श्री मोतीलाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी हैं। इस अभियान में महिलाओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज के हर वर्ग की भूमिका पर्यावरण संरक्षण में कितनी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर महापौर श्री नंदलाल देवांगन, निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, सभापति श्री कृपा राम निषाद, एम.आई.सी सदस्य, पार्षदगण, एवं स्वास्थ्य प्रभारी श्री ओम प्रकाश साहू, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री डी.एल. देवांगन, पी.आई.यू. श्री विकास कुमार जांगड़े तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।