अम्बिकापुर-दिल्ली के लिए साप्ताहित ट्रेन कल से, इन मार्गों से होकर गुजरेगी…

रायपुर 13 जुलाई 2022 : अम्बिकापुर से दिल्ली तक के लिए स्वीकृत नई स्पेशल ट्रेन के लिए 12 जुलाई को रेल्वे ने समय सारणी जारी कर दी है । 19 कोच वाले इस एक्सप्रेस ट्रेन में अम्बिकापुर से दिल्ली की यात्रा 22 घंटे 15 मिनट में पूरी होगी।

सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने अम्बिकापुर रेल्वे स्टेशन में 14 जुलाई से प्रारंभ होने वाली साप्ताहिक ट्रेन की जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रेन का नम्बर अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए 04043 व दिल्ली से अम्बिकापुर के लिए 04044 होगा। अम्बिकापुर से दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन तक के लिए प्रारंभ हुई यह सेवा साप्ताहिक होगी तथा इसका संचालन प्रति गुरुवार को सुबह 7.15 बजे से होगा। यह ट्रेन अनुपपुर, शहडोल, कटनी मुडवारा, बीना, झांसी, आगरा, मथुरा होते हुए शुक्रवार को भोर में 4.35 बजे दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार दिल्ली से ट्रेन रात को 11 बजे प्रति मंगलवार को छूटेगी तथा यहां बुधवार को शाम 7.30 बजे पहुंचेगी।

14 जुलाई को सुबह 9.30 बजे यहां से रवाना होगी, जो सीधे बिजुरी स्टेशन पर जाकर रूकेगी। वहां से फिर ट्रेन अपने निर्धारित स्टेशनों से होते हुए 15 जुलाई की भोर में निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचेगी। अम्बिकापुर से निजामुद्दीन के बीच ट्रेन कुल 14 स्टेशनों पर रूकेगी जिनमें अम्बिकापुर और निजामुद्दीन स्टेशन भी शामिल हैं। लोगों की भारी मांग के कारण प्रारंभ की जा रही यह ट्रेन एक एक्सप्रेस ट्रेन होगी जिसमें कुल 19 बोगियां होंगी।