छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: तेज गर्मी के बीच राहत की फुहारें, अगले 5 दिन बारिश-अंधड़ के आसार
April 11, 2025 Yogesh Katre
छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
आज रायपुर, दुर्ग, कोरबा, महासमुंद, बेमेतरा, जांजगीर, बलौदाबाजार, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोंडागांव और बीजापुर में बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार को पेंड्रा, बलरामपुर और सरगुजा में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे मौसम ठंडा रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ लाइन एक्टिव होने के कारण प्रदेश में आंधी और बारिश की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था, जबकि रात का पारा 22.3 डिग्री रहा। आज दिन का तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, लेकिन बादल छाए रहने से कुछ राहत मिल सकती है।
बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी मौसम बदला है। गुरुवार को दिन में तेज धूप के बाद शाम को आंधी और बूंदाबांदी हुई। बलरामपुर में कई जगह ओले भी गिरे। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री रहा, जबकि रात का पारा 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के तीसरे और चौथे सप्ताह में फिर से तेज गर्मी दस्तक देगी। इस दौरान तापमान 43-44 डिग्री तक पहुंच सकता है और हीट वेव की स्थिति बन सकती है। रातों में भी गर्म हवाओं का असर महसूस होगा। रायपुर समेत कई जिलों में अप्रैल महीने का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

