WAVES 2025’: ग्लोबल मंच पर चमकेगा भारतीय मनोरंजन जगत, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

भारत की मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘WAVES 2025’ सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह चार दिवसीय आयोजन मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हो रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।

इस विश्व ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन में बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें शाहरुख खान, अनुपम खेर, आमिर खान और रणबीर कपूर जैसे नाम शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “आज 1 मई है। 112 साल पहले 3 मई 1913 को भारत की पहली फीचर फिल्म ‘राजा हरिश्चंद्र’ रिलीज हुई थी, जिसका निर्माण दादासाहब फाल्के ने किया था। कल ही उनकी जन्म जयंती थी। बीते एक सदी में भारतीय सिनेमा ने भारत को दुनिया के कोने-कोने में पहुंचाने का काम किया है। हमारी कहानियां भारतीय संस्कृति की आवाज बनकर करोड़ों दिलों तक पहुंची हैं।”

सम्मेलन को बताया ऐतिहासिक पल

अभिनेता अनुपम खेर ने सम्मेलन को “भारत के लिए सांस्कृतिक दृष्टिकोण से ऐतिहासिक पल” बताया। सिंगर शान ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं इस आयोजन को लेकर उत्साहित हूं। अलग-अलग राज्यों से कलाकार, कंटेंट क्रिएटर और सिंगर यहां मौजूद हैं। भले ही दिल में दुःख है, पर जैसा राज कपूर ने कहा था—‘शो मस्ट गो ऑन’।”

पहलगाम हमले पर जैकी श्रॉफ की प्रतिक्रिया

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और कहा, “यह सम्मेलन पूरी दुनिया के लिए एकजुट होने का अवसर है। हम सरकारी नीति में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते और न ही किसी विवाद को जन्म देना चाहते हैं।”

लीजेंड्स एंड लेगेसीज: बड़े सितारे करेंगे शिरकत

‘लीजेंड्स एंड लेगेसीज: द स्टोरीज़ दैट शेप्ड इंडिया’ नामक पैनल डिस्कशन में अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, हेमा मालिनी, चिरंजीवी, मोहनलाल और मिथुन चक्रवर्ती जैसे सुपरस्टार शामिल होंगे। इस सेशन को अक्षय कुमार होस्ट करेंगे।

इसके अलावा अन्य सेशंस में आमिर खान, आलिया भट्ट, अनिल कपूर, विक्की कौशल के साथ-साथ एसएस राजामौली और एआर रहमान भी नजर आएंगे।