नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित राज्य की मजबूत नींव बनेगा। युवा शक्ति को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा के अवसर पर कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ पदयात्रा कर नशामुक्त व स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर उन्होंने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। महात्मा गांधी के संयम और स्वस्थ जीवन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का यह एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य से जुड़े अनेक सामाजिक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
विधायक पुरंदर मिश्रा की 27 वर्षों की पहल की सराहना
मुख्यमंत्री श्री साय ने उत्तर विधानसभा विधायक श्री पुरंदर मिश्रा द्वारा विगत 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे विषयों पर लगातार पदयात्रा आयोजित करने की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आता है। इस यात्रा से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोग नशे का त्याग कर चुके हैं।
युवाओं को अवसर और रोजगार से जोड़ने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के नए अवसर सृजित कर रही है। राज्य की नई औद्योगिक नीति के माध्यम से सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश लाया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए नए द्वार खुलेंगे।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी आयोजन में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम अध्यक्ष श्रीमती मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा एवं राज्य महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

