CM विष्णु देव साय की मौजूदगी में युवाओं को नियुक्ति पत्र, CHIPS-CSC एमओयू और नवा रायपुर में 250 करोड़ के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए भूमि आवंटन हुआ।

रायपुर। युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल व पारदर्शी शासकीय सेवाएं तथा नई पीढ़ी को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास के क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ करते हुए कही।

मुख्यमंत्री श्री साय की गरिमामयी उपस्थिति में नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही नागरिकों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए चिप्स (CHIPS) और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के बीच एमओयू हुआ तथा नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) की स्थापना हेतु 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया।

1. नवा रायपुर के निर्माण में युवा अभियंताओं की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उप अभियंता पद पर चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं का शहर है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से निष्ठा, ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।

CM साय ने बताया कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति (2024-30) के तहत 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर काम चल रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में लगभग पौने दो लाख युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

2. डिजिटल गवर्नेंस को नई गति: चिप्स और CSC के बीच एमओयू

नागरिक केंद्रित सेवाओं को सुगम बनाने के लिए ‘चिप्स’ के सीईओ श्री मयंक अग्रवाल और ‘कॉमन सर्विस सेंटर’ के स्टेट हेड श्री जय नारायण पटेल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

  • एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म: अब ‘सेवा सेतु’ पोर्टल की 907 सेवाएं और कॉमन सर्विस सेंटर की सेवाएं एक-दूसरे से जुड़ेंगी।

  • विस्तार: प्रदेश के 16,619 सेवा सेतु केंद्र और 28,450 सक्रिय CSC केंद्रों के माध्यम से अब 1,000 से अधिक शासकीय व व्यावसायिक सेवाएं नागरिकों को निकटतम स्थान पर उपलब्ध होंगी।

  • पारदर्शिता: केंद्रों पर एकरूप ब्रांडिंग, साइनबोर्ड और प्रमुख सेवाओं (जैसे जाति, निवास, राशन कार्ड, आधार, आयुष्मान आदि) की सूची स्पष्ट प्रदर्शित की जाएगी।

3. नवा रायपुर में 250 करोड़ की लागत से बनेगा ‘नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’

कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना हेतु 10 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।

  • लागत: लगभग 250 करोड़ रुपए।

  • क्षमता: प्रतिवर्ष करीब 4,000 युवाओं को 20 से अधिक आधुनिक ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा।

  • उद्देश्य: युवाओं को उद्योगों की नई तकनीकों के अनुरूप तैयार कर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना।

पारदर्शी व्यवस्था से बढ़ रहा युवाओं का विश्वास: आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि अधोसंरचना किसी भी राज्य के आर्थिक विकास की बुनियाद होती है। पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।