UPSC CSE 2024: छत्तीसगढ़ के पांच अभ्यर्थियों को मिली सफलता, रायपुर की पूर्वा अग्रवाल ने हासिल की 65वीं रैंक

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विस एग्जाम 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार छत्तीसगढ़ से 5 छात्रों का चयन हुआ है, जिनमें 3 लड़कियां और 2 लड़के शामिल हैं।

रायपुर की पूर्वा अग्रवाल ने अपने तीसरे प्रयास में UPSC में 65वीं रैंक हासिल की है। जगदलपुर की मानसी जैन को 444वीं रैंक, अंबिकापुर के केशव गर्ग को 496वीं रैंक, शची जायसवाल को 654वीं रैंक, और मुंगेली के अर्पण चोपड़ा को 313वीं रैंक मिली है।

पिछले वर्ष 2023 में भी छत्तीसगढ़ से 4 छात्रों का चयन हुआ था, जिनमें अनुषा पिल्लई, अभिषेक डेंगे, प्रीतेश सिंह राजपूत, और रश्मि पैकरा शामिल थे।

पूर्वा अग्रवाल की कहानी: 30 लाख की नौकरी छोड़ी, चुनी सिविल सेवा की राह

पूर्वा अग्रवाल ने दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर में इंटर्नशिप की और वहां बतौर इकोनॉमिक्स एनालिस्ट काम किया। उन्हें 30 लाख रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी का ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने सिविल सेवा की राह चुनी ताकि लोगों की जिंदगी में बदलाव ला सकें।

पूर्वा ने बताया कि उनके लिए नौकरी से ज्यादा जरूरी आत्मसंतुष्टि थी। उन्होंने स्कूली शिक्षा बिलासपुर से पूरी की और वह मूल रूप से खरसिया (जिला रायगढ़) की रहने वाली हैं। उनके पिता एमएल अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टेक्निकल एजुकेशन में एडिशनल डायरेक्टर हैं, और मां एक इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर हैं।

2023 में भी पूर्वा UPSC में सफल रही थीं और उन्हें IPS सेवा में छत्तीसगढ़ कैडर मिला था, तब उन्हें 189वीं रैंक मिली थी। उन्होंने कहा कि अपनी बहन और सीनियर्स को देखकर उन्हें सिविल सेवा की प्रेरणा मिली।

पूर्वा का सफलता मंत्र

पूर्वा ने बताया कि पहले प्रयास में वे मेन्स क्लियर नहीं कर पाईं, लेकिन असफलता से सीखते हुए उन्होंने पढ़ाई के लिए विशेष योजना और टाइम मैनेजमेंट अपनाया। उनका मानना है कि यदि मन में कुछ कर दिखाने की ठान ली जाए और सही दिशा में मेहनत की जाए, तो सफलता निश्चित मिलती है।

UPSC टॉपर्स 2024: टॉप 5 में 3 लड़कियां

  • रैंक 1 – शक्ति दुबे (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश)
    इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बायोकेमिस्ट्री में ग्रेजुएशन किया। पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस उनके ऑप्शनल सब्जेक्ट थे।

  • रैंक 2 – हर्षिता गोयल (वडोदरा, गुजरात/हरियाणा मूल)
    पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।

  • रैंक 3 – अर्चित पराग डोंगरे
    वीआईटी वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी.टेक। ऑप्शनल सब्जेक्ट: फिलॉसफी।

  • रैंक 4 – मार्गी चिराग शाह (गुजरात)
    कंप्यूटर इंजीनियरिंग ग्रेजुएट। ऑप्शनल: समाजशास्त्र।

  • रैंक 5 – आकाश गर्ग (दिल्ली)
    कंप्यूटर साइंस में बी.टेक। ऑप्शनल: समाजशास्त्र।

कुल चयनित: 1009 उम्मीदवार

  • जनरल: 335

  • EWS: 109

  • OBC: 318

  • SC: 160

  • ST: 87

टॉप 5 में 3 लड़कियां शामिल हैं, वहीं टॉप 10 में कुल 4 लड़कियों ने जगह बनाई है।

You may have missed