छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 26 दिनों तक चला, और आखिरी दिन लोरमी विधानसभा क्षेत्र से कुछ जनप्रतिनिधि और किसान 40 किलो का कुम्हड़ा (कद्दू) लेकर विधानसभा पहुंचे। इस अनोखी पैदावार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को भेंट किया गया। कद्दू को देखकर VVIPs और विधानसभा में मौजूद लोगों ने इसके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लगाई।
यह कद्दू लोरमी के खुड़िया क्षेत्र में उत्पादित हुआ था और इसे लोरमी नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, और जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह ठाकुर लेकर आए थे।
वहीं, विधानसभा के आखिरी दिन सदन में भारी हंगामा हुआ। विपक्ष ने धान खरीदी में गड़बड़ी और रायगढ़ जिले में भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। शून्यकाल के दौरान, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायकों ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि धान खरीदी में भ्रष्टाचार हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष ने स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए।