बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ की घोषणा
बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल होकर समाज के लोगों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए तथा बेमेतरा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
वीर नारायण सिंह का जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरणा
आदिवासी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के उन महान जननायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों के हित में अंग्रेजी शासन का विरोध किया और विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का जीवन समाजसेवा, संघर्ष और देशप्रेम की मिसाल है। उन्होंने अपने समय में शोषित और वंचित लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा मातृभूमि के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग आज भी समाज को साहस और सेवा की प्रेरणा देता है।
प्रतिमा नई पीढ़ी को देगी प्रेरणा
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने अनेक वीर योद्धाओं और जननायकों को जन्म दिया है। वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान व्यक्तित्वों ने अपने साहस, संघर्ष और समर्पण से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित वीर नारायण सिंह की प्रतिमा केवल उनकी स्मृति का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगी। यह प्रतिमा युवाओं को देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश देगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन महापुरुषों ने समाज और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके योगदान को याद रखना और उनका सम्मान करना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। ऐसे जननायकों के विचारों और संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है।
आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों की रही सहभागिता
जिला स्तरीय महासम्मेलन में केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज के जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल और अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महासम्मेलन में आदिवासी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण किया।
