इस राज्य ने जारी किया आदेश , अब फ़ोन पर हेलो की जगह कहना होगा वन्दे मातरम…
मुंबई,17 अगस्त 2022 : मुंबई महाराष्ट्र सरकार एक नया आदेश जारी किया है. जारी किए गए आदेश में यह कहा गया है कि प्रदेश के सभी सरकारी अधिकारियों को अब फोन उठाने पर हैलो नहीं ”वंदे मातरम्” कहना होगा। यह जानकारी महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान राष्ट्रवाद को प्रदर्शित करने वाला अन्य कोई समानार्थी शब्द इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने वंदे मातरम् के निर्देश को लेकर विपक्षी दलों द्वारा की गई आलोचना के बाद यह बात कही। मंत्री मुनगंटीवार ने रविवार को कहा था कि देश अमृत महोत्सव (स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ) मना रहा है, लिहाजा राज्य सरकार के सभी अधिकारियों को अगले साल 26 जनवरी तक कार्यालयों में फोन कॉल उठाने के बाद हैलो के बजाय ”वंदे मातरम्” कहना होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि 18 अगस्त तक इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा।
वहीं आदेश जारी होने से पहले मंत्री ने एक टीवी चैनल से कहा, ”वंदे मातरम् कहना अनिवार्य नहीं है। फोन कॉल लेते समय वंदे मातरम् के समानार्थी किसी भी शब्द का उपयोग किया जा सकता है, जिसमें राष्ट्रवाद झलकता हो। उन्होंने कहा, ”किसी संगठन या व्यक्ति के पास इसका विरोध करने का अधिकार है। वंदे मातरम कहना राज्य के संस्कृति मंत्रालय का एक अभियान है, जो स्वतंत्रता दिवस (15) अगस्त को शुरू हुआ है और 26 जनवरी तक जारी रहेगा।
